बैडमिंटन लीग के विजेताओं को मंत्री देवांगन ने किया पुरस्कृत

एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना को 5 लाख रुपये सहयोग देने की घोषणा, तीन दिवसीय कोरबा बैडमिंटन लीग-3 का हुआ समापन

कोरबा। एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय कोरबा बैडमिंटन लीग सीजन-3 संभागीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का रविवार को पुरस्कार वितरण के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन सुबह विभिन्न वर्गों के सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए, जबकि दोपहर में फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने खिताब के लिए जोरदार प्रदर्शन किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने विभिन्न आयु वर्गों में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना को 5 लाख रुपये का सहयोग देने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत और भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा रायपुर संभाग के संगठन सहप्रभारी डॉ. राजीव सिंह, हॉरिजोन हॉस्पिटल रायपुर के मार्केटिंग हेड महेंद्र दुबे, सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केशरी, एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के अध्यक्ष डॉ. संजय अग्रवाल, छत्तीसगढ़ बैडमिंटन के चीफ रेफरी प्रताप भट्टाचार्य तथा कोरबा जिला बैडमिंटन संघ के पूर्व अध्यक्ष अशोक शर्मा मौजूद रहे।

खिलाड़ियों के प्रदर्शन को सराहा

समापन अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों के उत्साह और खेल प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर देती हैं।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना, कोरबा तथा कोरबा जिला बैडमिंटन संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। तीन दिनों तक चले टूर्नामेंट में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।