परिवहन आरक्षक भर्ती: अनुपस्थित 66 अभ्यर्थियों को मिला अंतिम अवसर

5 अक्टूबर को रायपुर में होगा दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मापदंड परीक्षण,विभाग की वेबसाइट पर बुलावा पत्र उपलब्ध

कोरबा। परिवहन विभाग में परिवहन आरक्षक के 50 पदों पर भर्ती प्रक्रिया के तहत दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक मापदंड परीक्षण में अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों को एक और अवसर दिया गया है। विभाग ने अनुपस्थित 66 अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर देते हुए 5 अक्टूबर 2026 को रायपुर बुलाया है।

परिवहन आरक्षक के 50 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा में प्राप्तांकों एवं अभ्यर्थियों की उपलब्धता के आधार पर कुल 250 अभ्यर्थियों को शारीरिक मापदंड परीक्षण तथा दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया था। यह प्रक्रिया रायपुर स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग एंड ट्रैफिक रिसर्च (आईडीटीआर), तेंदुआ में 2 एवं 3 सितंबर 2026 को आयोजित की गई थी।

निर्धारित तिथियों पर कुल 184 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 66 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। विभाग ने अब इन अनुपस्थित अभ्यर्थियों को अंतिम अवसर प्रदान किया है। उन्हें 5 अक्टूबर को रायपुर में दस्तावेज सत्यापन एवं शारीरिक मापदंड परीक्षण के लिए उपस्थित होना होगा।

वेबसाइट पर उपलब्ध है बुलावा पत्र

विभाग द्वारा संबंधित अभ्यर्थियों के बुलावा पत्र परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी वेबसाइट से अपना बुलावा पत्र डाउनलोड कर सकते हैं और उसमें दिए गए निर्देशों के अनुसार निर्धारित तिथि एवं स्थान पर उपस्थित होना होगा।