व्यापारियों ने प्रस्तावित स्थल पर चौपाटी और फ्रूट मार्केट का किया विरोध, अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई त्रिपक्षीय बैठक; अंतिम फैसला कमिश्नर के पाले में
कोरबा। पावर हाउस रोड नहर पुल से राताखार बाईपास रोड पर प्रस्तावित फ्रूट मार्केट, चौपाटी और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी परिसर के निर्माण को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट में त्रिपक्षीय बैठक हुई।अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रभावित व्यापारी, नगर निगम के अधिकारी और चेम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में फ्रूट मार्केट और चौपाटी के प्रस्तावित स्थल को लेकर व्यापारियों ने आपत्ति दर्ज कराई, जबकि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी परिसर के निर्माण पर सहमति बनी। अब मामले में अंतिम निर्णय कमिश्नर स्तर पर होने की बात सामने आई है।
नगर पालिक निगम द्वारा पावर हाउस रोड नहर के समीप जल संसाधन विभाग की भूमि पर मल्टीलेवल कार पार्किंग के साथ फ्रूट मार्केट, चौपाटी और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी परिसर विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके लिए खसरा नंबर 24 की कुल 5.52 एकड़ भूमि के सीमांकन की प्रक्रिया शुरू की गई थी। 23 सितंबर को प्रभावित 22 व्यापारियों, नगर निगम और जल संसाधन विभाग को पूर्व सूचना देकर राजस्व टीम सीमांकन के लिए पहुंची थी।
पूर्व में व्यापारियों द्वारा विरोध जताए जाने तथा मंत्री लखन लाल देवांगन के निर्देश के बाद सीमांकन की कार्रवाई पर रोक लगा दी गई थी। हालांकि, प्रस्तावित निर्माण को लेकर विवाद का पूर्ण निराकरण नहीं हो सका था। इसी बीच व्यापारियों के प्रतिष्ठानों के सामने चौपाटी बनाए जाने पर जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने स्थल परिवर्तन की मांग उठाई थी।
व्यापारियों ने बताया 4-5 मीटर सर्विस रोड अपर्याप्त
कलेक्टर के निर्देश पर आयोजित बैठक में नगर निगम की ओर से नीरज कौशिक, रुचि साहू सहित एक अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष योगेश जैन, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश रामानी, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय जायसवाल तथा प्रभावित व्यापारी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में निगम की ओर से निर्माण के प्रस्ताव और व्यापारियों की सुविधा के लिए 4 से 5 मीटर सर्विस रोड उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। व्यापारियों ने इसे अपर्याप्त बताते हुए कहा कि दुकानों के सामने चौपाटी और फ्रूट मार्केट विकसित होने से आवागमन एवं व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ सकता है।
व्यापारियों ने फ्रूट मार्केट और चौपाटी के प्रस्तावित स्थल का विरोध किया, जबकि पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी परिसर के निर्माण पर सहमति जताई।
दूसरे स्थानों पर फ्रूट मार्केट-चौपाटी बनाने का सुझाव
बैठक में पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष अजय जायसवाल ने सुझाव दिया कि यदि फ्रूट मार्केट विकसित करना है तो इसे सर्वमंगला उद्यान अथवा मौजूदा पुलिस सहायता केंद्र परिसर में स्थापित करने पर विचार किया जा सकता है। वहीं चौपाटी के लिए व्यापारिक प्रतिष्ठानों के सामने के बजाय किसी अन्य उपयुक्त स्थान का चयन करने का सुझाव दिया गया।
व्यापारियों ने यह भी सुझाव रखा कि पावर हाउस रोड नहर मोड़ से अग्रसेन तिराहा के बीच नहर विभाग की जमीन का उपयोग गार्डन विकसित करने के लिए किया जा सकता है।
बैठक में सामने आए सुझावों और आपत्तियों के बाद अब प्रस्तावित स्थलों को लेकर आगे की कार्रवाई कमिश्नर स्तर पर होने की संभावना है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















