कोरबा। जिले के ग्राम पाली पडनिया में देर रात एक दुर्लभ एवं संरक्षित वन्यजीव भारतीय पैंगोलिन (कहट) के घर के आंगन में पहुंचने से कौतूहल मच गया। पैंगोलिन को देखते ही परिवार और ग्रामीणों ने उसे पकड़ने या नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षित तरीके से पैंगोलिन का रेस्क्यू कर उसे उपयुक्त प्राकृतिक रहवास क्षेत्र में छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 12.30 बजे ग्राम निवासी रामरतन सिंह कंवर के घर के आंगन में पैंगोलिन विचरण करता दिखाई दिया। वन्यजीव को देखकर आसपास के लोग मौके पर जुटे, लेकिन ग्रामीणों ने समझदारी और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उसे छेड़ने के बजाय वन विभाग को सूचना दी।
सावधानी से किया गया रेस्क्यू
सूचना मिलने पर वनमंडलाधिकारी जितेंद्र उपाध्याय के निर्देश और उप वनमंडलाधिकारी मणिकांत वर्मा के मार्गदर्शन में नोवा नेचर के जितेंद्र सारथी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग एवं रेस्क्यू टीम ने आवश्यक सावधानियां बरतते हुए पैंगोलिन को सुरक्षित पकड़ा।
रेस्क्यू के दौरान वन्यजीव को किसी प्रकार की चोट या नुकसान न पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखा गया। आवश्यक विभागीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद पैंगोलिन को उसके लिए उपयुक्त प्राकृतिक रहवास क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
जैव विविधता के लिए महत्वपूर्ण है पैंगोलिन
कोरबा अपने विस्तृत वन क्षेत्र और समृद्ध जैव विविधता के लिए जाना जाता है। जिले के वन क्षेत्रों में समय-समय पर पैंगोलिन की मौजूदगी सामने आती रही है। भारतीय पैंगोलिन (Manis crassicaudata) मुख्य रूप से चींटियों और दीमकों को भोजन के रूप में ग्रहण करता है तथा पारिस्थितिकी तंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उप वनमंडलाधिकारी मणिकांत वर्मा के अनुसार भारतीय पैंगोलिन वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I में सूचीबद्ध संरक्षित वन्यजीव है। इसके शिकार, अवैध कब्जे, व्यापार अथवा अन्य अपराधों पर कानून के तहत कार्रवाई का प्रावधान है।
ग्रामीणों की जागरूकता से बची वन्यजीव की जान
इस पूरे रेस्क्यू अभियान में निखिल कंवर, गजेंद्र कंवर, मनीष, रामरतन, सत्यम, सुशील कंवर सहित ग्रामीणों ने सहयोग किया। ग्रामीणों द्वारा पैंगोलिन को पकड़ने या नुकसान पहुंचाने के बजाय समय पर वन विभाग को सूचना देना वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता का उदाहरण रहा।
वन विभाग ने की अपील
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि घर, खेत, गांव या जंगल के आसपास कोई वन्यजीव दिखाई देने पर उसे पकड़ने, घेरने, छेड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें। वन्यजीव से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम द्वारा उसका सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।
नोवा नेचर के जितेंद्र सारथी ने भी लोगों से वन्यजीवों की सुरक्षा को सामुदायिक जिम्मेदारी मानते हुए संकट में फंसे किसी भी वन्यजीव की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की अपील की।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















