स्वर्गीय जसराज जैन की प्रथम पुण्यतिथि पर अंतर जिला फुटबॉल टूर्नामेंट,रोमांचक फाइनल में पेनल्टी शूटआउट से कोरबा एफसी ने जीता खिताब

कोरबा। नगर के वरिष्ठ पत्रकार एवं खेलप्रेमी स्वर्गीय जसराज जैन की प्रथम पुण्यतिथि पर एसईसीएल कोरबा खेल मैदान में अंतरजिला फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से पहुंची टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। अंततः पेनल्टी शूटआउट में कोरबा एफसी ने बाजी मारते हुए खिताब अपने नाम किया।

पत्रकारिता के साथ खेलों के प्रति भी था गहरा जुड़ाव
टूर्नामेंट का शुभारंभ कोरबा प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान ने किया। उन्होंने स्वर्गीय जसराज जैन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जैन अपनी तेज और निर्भीक पत्रकारिता के लिए पहचाने जाते थे। पत्रकारिता के साथ उनका खेलों से भी गहरा जुड़ाव रहा।

उन्होंने बताया कि जसराज जैन ने रोटरी क्लब के माध्यम से लगातार दो दशक से अधिक समय तक स्कूल स्तर पर फुटबॉल प्रतियोगिताओं के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे स्वयं भी खेल गतिविधियों में सक्रिय रहते थे और नई पीढ़ी को खेलों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत रहे।

सेमीफाइनल में पूर्व महापौर जागेश लांबा हुए शामिल
प्रतियोगिता के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व महापौर जागेश लांबा मौजूद रहे। उन्होंने स्वर्गीय जसराज जैन से जुड़े संस्मरण साझा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा मैदान में मौजूद खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

पेनल्टी शूटआउट में कोरबा एफसी ने मारी बाजी
फाइनल मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में शहर के नागरिक और खेलप्रेमी एसईसीएल खेल मैदान पहुंचे। दोनों टीमों ने जीत के लिए जोरदार संघर्ष किया। निर्धारित समय में मुकाबला निर्णायक स्थिति तक नहीं पहुंच सका और पेनल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया। रोमांचक शूटआउट में कोरबा एफसी ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए खिताब पर कब्जा जमाया।

खेलप्रेमियों और गणमान्य नागरिकों की रही मौजूदगी
आयोजन में नगर निगम महापौर संजू देवी सिंह, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, चेंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष योगेश जैन, पूर्व अध्यक्ष एम.डी. मखीजा, प्रेस क्लब संरक्षक कमलेश यादव, पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष एवं कमला नेहरू महाविद्यालय समिति अध्यक्ष किशोर शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार सादिक शेख, महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल सर्विस के अध्यक्ष महावीर जैन, रोटरी क्लब अध्यक्ष सतनाम सिंह, पूर्व अध्यक्ष पारस जैन, नितिन चतुर्वेदी सहित अनेक नागरिक एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

वरिष्ठ खिलाड़ी धन बहादुर और सुभेंदु दास सहित अन्य खिलाड़ियों ने भी मैदान में पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।

खेलों के जरिए जसराज जैन की स्मृतियों को आगे बढ़ाने का प्रयास
आयोजन समिति के अध्यक्ष सुनील जैन ने अतिथियों, खिलाड़ियों, वरिष्ठ खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जसराज जैन की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता केवल श्रद्धांजलि का कार्यक्रम नहीं, बल्कि उनके खेलप्रेम और युवाओं को खेलों से जोड़ने की सोच को आगे बढ़ाने का प्रयास है।

संतोष जैन ने मैदान एवं खेल व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाली, जबकि अनुराग जैन ने आयोजन की व्यवस्थाओं और संचालन संबंधी दायित्वों का निर्वहन किया।

प्रतियोगिता के दौरान स्वर्गीय जसराज जैन के व्यक्तित्व, निर्भीक पत्रकारिता, खेलों के प्रति समर्पण और सामाजिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।