वन्यजीव अपराध की रोकथाम के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण

बिलासपुर में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम, कटघोरा वनमंडल का मैदानी अमला भी हुआ शामिल

कोरबा। वन्यजीव अपराधों की रोकथाम और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों को लेकर वन विभाग द्वारा बिलासपुर वृत्त कार्यालय में 26 एवं 27 सितंबर को दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बिलासपुर वृत्त के सभी डीएफओ, एसडीओ एवं रेंजरों के साथ वनमंडल कटघोरा के मैदानी अमले ने भी विशेष रूप से भाग लिया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में सीसीएफ वाइल्ड लाइफ श्रीमती प्रियंका पांडेय (आईएफएस) सहित विभाग के अन्य अधिकारियों ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षण के दौरान वन्यजीव अपराधों की पहचान, रोकथाम तथा ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

अधिकारियों ने वन्यजीव अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए मैदानी अमले की सतर्कता, सक्रिय निगरानी और समय पर कार्रवाई को महत्वपूर्ण बताया। प्रशिक्षण के माध्यम से वन्यजीव संरक्षण से संबंधित जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से निभाने तथा वन्यजीव अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।