नहाने निकले युवक का नाले में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

कोरबा। बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तिलाईडांड में एक युवक का शव नाले में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय सुरेश कुमार कुजूर के रूप में हुई है। पुलिस और डीडीआरएफ की टीम ने शव को नाले से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

परिजनों के अनुसार सुरेश नहाने के लिए नाले की ओर गया था। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान नाले में सुरेश का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद डीडीआरएफ टीम की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, परिजनों ने किसी तरह की गड़बड़ी की आशंका से इनकार किया है।