सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज-2026 का जिला स्तरीय शुभारंभ आज

मंत्री लखनलाल की उपस्थिति में होगा आयोजन, जनहित के नवाचारों को मिलेगा प्रोत्साहन

कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज-2026 का जिला स्तरीय शुभारंभ आज 26 सितंबर को दोपहर 12 बजे नगर निगम के नेहरू सभागार, कोरबा में किया जाएगा। कार्यक्रम में मंत्री लखनलाल देवांगन की उपस्थिति में नवाचार चैलेंज की शुरुआत होगी।

इस नवाचार मंच का उद्देश्य विद्यार्थियों, स्टार्टअप, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों एवं नागरिकों को जनहित से जुड़े नवाचार आधारित समाधान प्रस्तुत करने का अवसर देना है। प्रतिभागी समाज और समुदाय से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अपने नए विचार और उपयोगी पहल प्रस्तुत कर सकेंगे।

चैलेंज के तहत राज्य स्तर पर कुल 5 करोड़ रुपये के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। वहीं जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के लिए क्रमशः 1 लाख, 75 हजार और 50 हजार रुपये के प्रोत्साहन पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।

17 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन
सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज-2026 में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों, संस्थाओं, स्टार्टअप, स्व-सहायता समूहों और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने नवाचारों को मंच पर प्रस्तुत करने की अपील की है।