सीतामणी-उरगा सहित तीन सड़क परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, एसईसीएल देगा 50 करोड़

कोरबा। कोरबा में सड़क अधोसंरचना को बेहतर बनाने के लिए साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के निर्माण एवं चौड़ीकरण के लिए 50 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर प्रशासनिक सहमति प्रदान की है। यह राशि राज्य शासन को जमा आधार पर उपलब्ध कराए जाने का प्रस्ताव है।

प्रस्ताव के तहत सीतामणी से उरगा होते हुए भारतमाला चौक तक, मेन बैरियर से ट्रायजंक्शन (राजा होटल) तक तथा रेलवे क्रॉसिंग से गौमाता चौक तक सड़क मार्गों का निर्माण एवं चौड़ीकरण किया जाना है। इन सड़कों के विकास से संबंधित क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने और सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

एसईसीएल कोरबा क्षेत्र के महाप्रबंधक ने इस संबंध में कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत को पत्र भेजकर जानकारी दी है। पत्र में बताया गया है कि एसईसीएल की कार्यात्मक निदेशक समिति की बैठक में 50 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को प्रशासनिक सहमति प्रदान की गई है।