अग्र महाकुंभ में सीएम साय के हाथों सम्मानित हुईं 18 प्रतिभाएं

कोरबा। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के तत्वावधान में 19 एवं 20 सितंबर को अंबिकापुर में प्रदेश स्तरीय अग्र अलंकरण समारोह एवं अग्र महाकुंभ-2026 का आयोजन किया गया। दो दिवसीय आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों और संभागों से अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा एवं महिला प्रतिनिधि शामिल हुए। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में 1000 से अधिक समाजजन शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रहे। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक अमर अग्रवाल, विधायक संपत अग्रवाल, सांसद चिंतामणि महाराज, योग आयोग अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि एवं समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

महाराजा अग्रसेन जयंती पर शासकीय अवकाश की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान अग्रवाल संगठन की मांग पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर शासकीय अवकाश घोषित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में महाराजा अग्रसेन के सामाजिक एवं लोककल्याणकारी विचारों का उल्लेख करते हुए अग्रवाल समाज की शिक्षा, चिकित्सा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भूमिका की सराहना की।

18 विभूतियों का हुआ सम्मान
अग्र अलंकरण समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 18 व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। आयोजन में महाराजा अग्रसेन के 18 गोत्रों की परंपरा को प्रतीकात्मक रूप से केंद्र में रखा गया। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल को अग्र अलंकरण से सम्मानित किया गया। यह सम्मान कृष्णा ग्रुप के डायरेक्टर राजा मोदी द्वारा प्रायोजित किया गया।

अशोक मोदी ने जताया आभार
छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के चेयरमैन अशोक कुमार मोदी ने मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों और समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आयोजन के माध्यम से समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को एक मंच पर लाने का प्रयास सफल रहा।

कोरबा से भी बड़ी संख्या में समाजजन हुए शामिल
अग्र महाकुंभ में कोरबा से भी समाज के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें श्रीकांत बुधिया, राजेंद्र अग्रवाल, शोभा केडिया, प्रेमा अग्रवाल, किरण मोदी, संतोष अग्रवाल, अमरनाथ अग्रवाल, जगदीश प्रसाद अग्रवाल, भगवती प्रसाद गोयनका, रजनी सुल्तानिया एवं सरला मित्तल सहित अन्य समाजजन उपस्थित रहे।