बारिश में कीचड़ और गड्ढों ने बढ़ाई परेशानी, पेट्रोल पंप संचालक और ग्राहकों ने स्थायी समाधान की उठाई मांग
कोरबा। नेशनल हाईवे-130 पर तानाखार क्षेत्र में स्थित पेट्रोल पंप तक पहुंचने वाली एप्रोच रोड की बदहाल स्थिति से वाहन चालकों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में रास्ते पर कीचड़ और गड्ढों के कारण स्थिति और खराब हो गई है। पेट्रोल-डीजल भराने के लिए पंप तक पहुंचने वाले लोगों को इस मार्ग से गुजरने में काफी दिक्कत हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार एप्रोच रोड की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बारिश के बाद सड़क की हालत खराब होने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि हाईवे से लगे पेट्रोल पंप तक यदि सुगम और सुरक्षित पहुंच मार्ग नहीं होगा तो ग्राहकों के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ेगी।
एप्रोच रोड कंपनी के स्तर का मामला : संचालक
पेट्रोल पंप संचालक का कहना है कि उनका काम पेट्रोल पंप का संचालन और ग्राहकों को आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराना है। मुख्य मार्ग से पेट्रोल पंप तक पहुंचने वाली एप्रोच रोड का निर्माण और उससे जुड़ा विषय इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के स्तर का है। संचालक के मुताबिक, खराब रास्ते के कारण यदि ग्राहकों को परेशानी हो रही है और व्यवसाय प्रभावित हो रहा है, तो संबंधित कंपनी को इस दिशा में पहल करनी चाहिए।
बिना अनुमति एप्रोच रोड बनाने पर कार्रवाई का प्रावधान
इधर, एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग से किसी प्रतिष्ठान या अन्य स्थान तक एप्रोच रोड बनाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनुमति लेना आवश्यक है। अधिकारियों का कहना है कि कई स्थानों पर बिना अनुमति एप्रोच रोड बनाए जाने से हाईवे की संरचना प्रभावित होती है और सड़क क्षतिग्रस्त होने की स्थिति बनती है। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई का प्रावधान है।
फिलहाल तानाखार क्षेत्र के इस पेट्रोल पंप तक पहुंचने वाले लोगों को खराब एप्रोच रोड के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश के चलते कीचड़ और गड्ढों ने समस्या को और गंभीर कर दिया है। ऐसे में संबंधित कंपनी और विभाग के बीच समन्वय से एप्रोच रोड की समस्या का स्थायी समाधान किए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है, ताकि वाहन चालकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















