मोहल्लों में घूमा शिक्षा रथ, ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर दान की शिक्षण सामग्री

सेवा संकल्प अभियान के तहत रामपुर में पहल, पुस्तक-कॉपी, बैग सहित ₹7,320 की राशि एकत्रित

कोरबा। विकासखंड करतला के जोन रामपुर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत शिक्षा रथ निकाला गया। जोन प्रभारी लतीफ खान अंसारी के नेतृत्व में निकला शिक्षा रथ रामपुर क्षेत्र की विभिन्न बस्तियों में पहुंचा। रथ के पहुंचने पर ग्रामीणों में उत्साह नजर आया और लोगों ने स्वेच्छा से आगे आकर जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए अपना योगदान दिया।

अभियान के दौरान ग्रामीणों ने पुस्तक, कॉपी, बैग सहित विभिन्न शिक्षण एवं सहायक सामग्री दान की। इसके साथ ही ₹7,320 की नगद राशि भी प्राप्त हुई। अभियान के माध्यम से समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंद और वंचित बच्चों की शिक्षा में सहयोग के लिए प्रेरित किया गया।

जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाई जाएगी सामग्री
जोन प्रभारी लतीफ खान अंसारी ने कहा कि शिक्षा केवल व्यक्ति के विकास का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला है। जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई में सहयोग करना समाज के सक्षम वर्ग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा उत्साहपूर्वक किए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान प्राप्त समस्त शिक्षण सामग्री एवं राशि को जरूरतमंद और वंचित छात्र-छात्राओं तक पहुंचाया जाएगा, ताकि उन्हें पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हो सकें और उनकी शिक्षा में किसी प्रकार की बाधा न आए।