वीणा मिस्त्री ने देहदान तो सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केशरी ने नेत्रदान का लिया संकल्प, कलेक्टर ने प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित वृहद स्वास्थ्य एवं महारक्तदान शिविर में मानव सेवा की प्रेरक तस्वीर सामने आई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देहदान और नेत्रदान का संकल्प लेकर जीवन के बाद भी समाज की सेवा करने की पहल की। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.एन. केशरी ने नेत्रदान, जबकि स्वास्थ्य विभाग की काउंसलर श्रीमती वीणा मिस्त्री ने देहदान के लिए घोषणा पत्र भरकर अपनी सहमति दी।
इस मानवीय पहल के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने दोनों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में लिए गए इन संकल्पों ने अंगदान को लेकर समाज में जागरूकता का संदेश दिया।
मृत्यु के बाद भी उपयोगी बनने की पहल
देहदान चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देता है। वहीं नेत्रदान के माध्यम से दृष्टिबाधित लोगों के जीवन में रोशनी लौटाने में मदद मिल सकती है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की यह पहल अन्य लोगों को भी अंगदान के लिए प्रेरित करने वाली रही।
देहदान का संकल्प लेने वाली वीणा मिस्त्री ने कहा कि वह लंबे समय से देहदान के बारे में सोच रही थीं। सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर उन्होंने अपने इस विचार को संकल्प का रूप दिया। उन्होंने कहा कि मृत्यु के बाद उनकी देह चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान अथवा किसी जरूरतमंद के जीवन को बेहतर बनाने में काम आए, इससे बड़ी संतुष्टि उनके लिए कुछ नहीं हो सकती। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से देहदान के महत्व को समझने और इस मानवीय कार्य के लिए आगे आने की अपील की।
‘किसी की दुनिया में लौट सके रोशनी’
सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केशरी ने कहा कि नेत्रदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में रोशनी लौटाने का माध्यम बन सकता है। हमारे बाद भी हमारी आंखें किसी की दुनिया को रोशन कर सकें, इससे बेहतर मानव सेवा का संकल्प नहीं हो सकता। उन्होंने समाज के अधिक से अधिक लोगों से नेत्रदान का संकल्प लेने की अपील की।
सेवा संकल्प अभियान में लिए गए इन संकल्पों ने यह संदेश दिया कि मानव सेवा केवल जीवन तक सीमित नहीं है। मृत्यु के बाद भी किया गया एक संकल्प किसी दूसरे व्यक्ति के लिए नई रोशनी, नई उम्मीद और चिकित्सा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण योगदान का आधार बन सकता है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















