चार माह का बकाया चना तत्काल देने और नया टेंडर जारी करने की मांग, मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
कोरबा। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत चना वितरण बंद होने को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, जिला परिषद ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बकाया चना तत्काल वितरित करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि चना नहीं मिलने से उन परिवारों को परेशानी हो रही है, जो पीडीएस से मिलने वाले चने पर निर्भर हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि अगस्त 2025 से नवंबर 2025 तक लगातार चार माह का चना हितग्राहियों को नहीं दिया गया। इसके बाद जुलाई 2026 से चना वितरण पूरी तरह बंद होने की बात कही गई है। पार्टी ने कहा कि पीडीएस के माध्यम से मिलने वाला चना जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण है और इसके बंद होने से उनकी खाद्य संबंधी जरूरतों पर असर पड़ रहा है।
भाकपा ने मांग की है कि जिन-जिन महीनों का चना वितरण नहीं किया गया है, उसका तत्काल वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चना आपूर्ति के लिए नया टेंडर जल्द जारी करने तथा उचित मूल्य की दुकानों में खाद्यान्न वितरण से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की मांग की गई।
पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो जनहित के मुद्दे को लेकर आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पवन कुमार वर्मा, एनके दास, श्याम बिहारी बनाफर, रामू केंवट और नरेंद्र कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















