सेवा संकल्प अभियान: 43 दिव्यांगों को मिले सहायक उपकरण

कटघोरा में लगा दिव्यांग सहायता शिविर, ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र पाकर खिले चेहरे

कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को कटघोरा के सांस्कृतिक भवन में दिव्यांग सहायता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जरूरतमंद दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकतानुसार विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। कुल 43 हितग्राहियों को ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र प्रदान किए गए, जिससे उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

शिविर में 12 ट्राईसाइकिल, 18 व्हीलचेयर और 13 श्रवण यंत्र वितरित किए गए। इस दौरान 17 वर्षीय सना निषाद और 17 वर्षीय जन्नत कुरैशी का मौके पर ही नया पंजीयन किया गया। पंजीयन के बाद दोनों को तत्काल व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई। जरूरत के समय तत्काल सहायता मिलने से हितग्राहियों और उनके परिजनों में खुशी देखने को मिली।

सहायक उपकरण आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराना केवल सरकारी सहायता नहीं, बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण कार्य है। ऐसे शिविरों से जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता मिलती है, जिससे उनका दैनिक जीवन आसान होने के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में भी सहयोग मिलता है।

शिविर में कटघोरा एसडीएम, जनपद पंचायत कटघोरा के सीईओ तथा समाज कल्याण विभाग कोरबा से श्री सक्सेना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एम.पी. सिंह ने किया।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती झुलबाई कंवर, जिला महामंत्री संजय शर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती मीना शर्मा, भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह-संयोजक एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी राजेश यादव, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष गोविंद सिंह कंवर, राम प्रसाद कोराम, मंडल महामंत्री समजीत सिंह, कटघोरा मंडल अध्यक्ष श्रवण कुमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य युवा मोर्चा पीयूष गर्ग, विधायक प्रतिनिधि जनपद कटघोरा राजकुमार कश्यप सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।