घर में अनुपयोगी पड़े खिलौनों से संवरेंगे बच्चों के खेल और सीखने के अवसर, सेवा संकल्प अभियान के तहत नई पहल
कोरबा। घरों में ऐसे कई खिलौने होते हैं, जिनसे बच्चों का मन भर जाने के बाद उनका इस्तेमाल बंद हो जाता है। अब यही खिलौने आंगनबाड़ी केंद्रों के नौनिहालों के चेहरे पर मुस्कान लाने के साथ उनके सीखने का माध्यम बनेंगे। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग ने इस दिशा में अभिनव पहल शुरू की है। इसके लिए खिलौना दान रथ तैयार किया गया है, जो शहर से लेकर आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से उपयोगी खिलौने एकत्र करेगा।
जिले में दो हजार से अधिक आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की देखरेख में बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा के साथ विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाता है। बच्चों के लिए कुछ खिलौने उपलब्ध हैं, लेकिन उनकी संख्या पर्याप्त नहीं है। इसे देखते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में खिलौना दान अभियान शुरू किया गया है।
खिलौने बनेंगे बच्चों की खुशी और सीखने का साधन
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी में खिलौना दान रथ को रवाना किया गया। यह रथ विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर ऐसे खिलौने एकत्र करेगा, जो परिवारों के घरों में अब उपयोग में नहीं हैं, लेकिन साफ-सुथरे, सुरक्षित और बच्चों के उपयोग योग्य हैं।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि इस पहल से आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों का मन लगेगा और वे खेल-खेल में नई चीजें सीख सकेंगे। खिलौने बच्चों में रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और सीखने की रुचि विकसित करने में सहायक होंगे।
प्रशासन का उद्देश्य केवल खिलौने एकत्र करना नहीं, बल्कि दान की संस्कृति को बढ़ावा देते हुए उपयोगी वस्तुओं को जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाना भी है।
पुरानी किताबें भी आएंगी बच्चों के काम
सेवा संकल्प अभियान के तहत खिलौनों के साथ उपयोगी पुरानी पुस्तकों के दान के लिए भी नागरिकों को प्रेरित किया जा रहा है। जिन बच्चों की पुरानी कक्षा की किताबें अब उनके उपयोग में नहीं हैं और वे आगे की कक्षा में पहुंच चुके हैं, ऐसी अच्छी स्थिति वाली पुस्तकें जरूरतमंद बच्चों के लिए उपयोगी साबित हो सकती हैं।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि घर में रखे उपयोगी खिलौने, पुस्तकें और बच्चों के काम आने वाली अन्य सामग्री खिलौना दान रथ के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाएं।
खिलौना दान अथवा अभियान से संबंधित जानकारी के लिए नागरिक मोबाइल नंबर 9340509567 पर संपर्क कर सकते हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, एमआईसी सदस्य एवं पार्षद नरेंद्र देवांगन, जनप्रतिनिधि गोपाल मोदी, अजय विश्वकर्मा, योगेश जैन तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन सहित अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















