बुधवारी बाजार में वृहद स्वास्थ्य एवं महारक्तदान शिविर, कलेक्टर कुणाल दुदावत ने भी किया रक्तदान; सीएमएचओ ने लिया नेत्रदान का संकल्प
कोरबा। सरकार के सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवारी बाजार स्थित आदिवासी शक्ति पीठ में बुधवार को वृहद स्वास्थ्य एवं महारक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। वहीं, रक्तदान शिविर में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने में योगदान दिया।
स्वास्थ्य विभाग एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में नागरिकों के लिए ओपीडी, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, नेत्र परीक्षण, टीबी स्क्रीनिंग, सामान्य स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान कार्ड से संबंधित सेवाएं तथा नि:शुल्क दवाइयों की व्यवस्था की गई।
चिकित्सकों ने लोगों को बीमारियों की पहचान, उपचार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक भी किया।
कलेक्टर ने किया रक्तदान, 28 लोगों ने बढ़ाया सेवा का हाथ
महारक्तदान शिविर में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्वयं रक्तदान कर आम नागरिकों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। उनके साथ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण सहित कुल 28 लोगों ने स्वस्फूर्त रक्तदान किया।
इस दौरान रक्तदान के महत्व और जरूरतमंद मरीजों के लिए इसकी उपयोगिता के बारे में लोगों को जानकारी दी गई।
रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से आगे आकर सेवा एवं मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
सीएमएचओ ने लिया नेत्रदान का संकल्प
शिविर में भारत विकास परिषद ने भी सहभागिता की। इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केसरी ने नेत्रदान का संकल्प पत्र भरकर समाज के प्रति सेवा और जिम्मेदारी का संदेश दिया।
आयुष विभाग की ओर से भी ओपीडी के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण, पंचकर्म एवं योग संबंधी जानकारी, योगाभ्यास तथा नि:शुल्क औषधियों का वितरण किया गया। नागरिकों ने आयुष पद्धति से जुड़ी सेवाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाया।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने शिविर में नागरिकों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सहज और महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि नागरिकों की जागरूक भागीदारी से ऐसे सेवा अभियानों को निरंतर गति मिलती है। उन्होंने आम नागरिकों से शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने का आग्रह भी किया।
शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, गोपाल मोदी, कलेक्टर कुणाल दुदावत, सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण कुमार किरण, सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केसरी, डीपीएम पद्माकर शिंदे सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी- कर्मचारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















