भू-विस्थापितों ने रोजगार में पक्षपात का लगाया आरोप, कलेक्टर और एसईसीएल सीजीएम को सौंपा ज्ञापन

दादर खुर्द के ग्रामीणों का जनप्रतिनिधि के बयानों पर विरोध, मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

कोरबा। ग्राम दादर खुर्द के भू-विस्थापितों और ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधि के कथित भ्रामक बयानों और रोजगार में पक्षपात का आरोप लगाते हुए विरोध जताया है। ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एसईसीएल मानिकपुर क्षेत्र के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) और जिला कलेक्टर कोरबा के नाम ज्ञापन सौंपा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि वार्ड क्रमांक 10 भिलाई खुर्द के पार्षद उपेन्द्र पटेल द्वारा सार्वजनिक रूप से दादर खुर्द के ग्रामीणों को भू-विस्थापित नहीं बताए जाने संबंधी बयान दिए गए हैं। ग्रामीणों ने इसे असत्य और उनके विस्थापन से जुड़े संघर्ष का अपमान बताया है।

उनका कहना है कि एसईसीएल खदान विस्तार और औद्योगिक गतिविधियों के लिए उनके पूर्वजों एवं ग्रामीणों की जमीनों का अधिग्रहण किया गया है और इससे संबंधित राजस्व रिकॉर्ड भी मौजूद हैं।


स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता की मांग
ज्ञापन में ग्रामीणों ने मानिकपुर खदान क्षेत्र में रोजगार को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि खदान के अंतर्गत संचालित निजी ठेका कंपनियों, कोल ट्रांसपोर्टिंग और अन्य कार्यों में स्थानीय प्रभावित युवाओं को रोजगार मिलने में लगातार बाधाएं आ रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय युवाओं की मांगों की अनदेखी कर बाहरी लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है।

ग्रामीणों ने एसईसीएल प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि स्थानीय प्रभावितों के रोजगार से जुड़े मामलों में स्पष्ट नीति और उसके प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता है।

मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने मांग की है कि दादर खुर्द के भू-विस्थापितों की स्थिति स्पष्ट की जाए तथा स्थानीय कार्यों और ठेका कंपनियों में वास्तविक प्रभावित परिवारों के युवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराया जाए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि रोजगार के मामले में उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई और स्थानीय युवाओं के हितों की अनदेखी जारी रही, तो वे उग्र आंदोलन और खदान कार्य बंद कराने जैसे कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे। इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और संबंधित प्रबंधन की होगी, ऐसा ग्रामीणों ने ज्ञापन में कहा है।