पावर हाउस रोड बायपास क्षेत्र में विकास की नई तस्वीर तैयार करने की कवायद,जमीन का सीमांकन शुरू

मल्टी-लेवल कार पार्किंग, फूड मार्केट, चौपाटी और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी परिसर विकसित करने की प्रस्तावित योजना

कोरबा।शहर के पावर हाउस रोड स्थित बायपास मार्ग क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर प्रशासनिक प्रक्रिया आगे बढ़ने लगी है। नगर पालिक निगम द्वारा प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए चिन्हित करीब 5.52 एकड़ भूमि के सीमांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राजस्व विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर भूमि की वास्तविक स्थिति और सीमाओं का परीक्षण कर रही है।

जानकारी के अनुसार नगर निगम की योजना के तहत इस क्षेत्र में मल्टी-लेवल कार पार्किंग, फूड मार्केट, चौपाटी और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी परिसर विकसित करने का प्रस्ताव है। प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए चिन्हित भूमि की स्थिति स्पष्ट करने के उद्देश्य से राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में सीमांकन की कार्रवाई की जा रही है।

राजस्व रिकॉर्ड से किया जा रहा मिलान
सीमांकन के दौरान मौके पर भूमि की वास्तविक सीमाओं को चिह्नित करने के साथ ही राजस्व अभिलेखों में दर्ज विवरण से उनका मिलान किया जा रहा है। टीम द्वारा आवश्यक नाप-जोख और स्थल निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए उपलब्ध भूमि की सीमा और स्थिति स्पष्ट हो सके।

मौके पर तहसीलदार कोरबा सहित राजस्व अमला और नगर निगम के संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद हैं। सीमांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रस्तावित भूमि का वास्तविक क्षेत्रफल और सीमाएं स्पष्ट होने की उम्मीद है।

एक ही परिसर में मिलेंगी कई सुविधाएं
नगर निगम की प्रस्तावित योजना के अनुसार इस क्षेत्र को शहर के एक विकसित सार्वजनिक परिसर के रूप में तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है। यहां मल्टी-लेवल पार्किंग के साथ फूड मार्केट और चौपाटी जैसी सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी परिसर के विकास की योजना भी इसमें शामिल बताई गई है।

सीमांकन पूरा होने के बाद परियोजना के लिए चिन्हित भूमि की स्थिति स्पष्ट होगी। इसके आधार पर नगर निगम द्वारा प्रस्तावित विकास कार्यों से संबंधित आगामी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सकेगा।