सिर कुचलकर महिला की हत्या से क्षेत्र में सनसनी; पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। जिले के पसान थाना क्षेत्र में एक महिला की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना ग्राम लैंगा के पास स्थित ग्राम लोकहड़ा की बताई जा रही है। वारदात की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका की पहचान ग्राम लैंगा निवासी सुखमनिया एक्का के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पसान पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की।

घटनास्थल से रक्तरंजित पत्थर बरामद कर जब्त किया गया है, जिसे हत्या में प्रयुक्त किए जाने की आशंका है। पुलिस हत्या के कारणों और घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।

फिलहाल हमलावर की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपी की तलाश कर रही है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।