हैकर ने व्हाट्सऐप से परिचितों और कार्यकर्ताओं को भेजा मैसेज, विधायक ने किया अलर्ट; साइबर सेल जांच में जुटी
कोरबा/पाली।साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। पाली-तानाखार विधायक एवं गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम का मोबाइल नंबर हैक होने की जानकारी सामने आई है। हैकर्स उनके व्हाट्सऐप नंबर से परिचितों, कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों को मैसेज भेजकर ₹76 हजार की तत्काल जरूरत बताकर रकम मांग रहे थे।
बताया गया कि विधायक के मोबाइल पर पार्सल के संबंध में एक फोन आया था। बातचीत के कुछ समय बाद उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उनके व्हाट्सऐप नंबर से लगातार पैसे मांगने वाले संदेश भेजे जाने लगे। कुछ लोगों ने इसे विधायक की वास्तविक जरूरत समझ लिया, लेकिन कुछ शुभचिंतकों ने सीधे विधायक से संपर्क कर इसकी पुष्टि की। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
विधायक ने जारी किया अलर्ट
मोबाइल हैक होने की जानकारी मिलते ही विधायक मरकाम ने अपने परिचितों, कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों को सतर्क किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी तरह के पैसों की जरूरत नहीं है और उनके नंबर से भेजे जा रहे रकम मांगने वाले मैसेज पर भरोसा नहीं किया जाए।
विधायक ने लोगों से अपील की कि उनके नंबर से यदि पैसे मांगने का कोई संदेश आए तो रकम भेजने से पहले सीधे उनसे फोन पर संपर्क कर पुष्टि करें।
साइबर सेल को सौंपा मामला
पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक के अनुसार विधायक की ओर से मोबाइल हैक होने की सूचना दी गई है। मामले को साइबर सेल भेजा गया है। साइबर टीम मोबाइल नंबर को रिकवर करने के साथ ही हैकर्स तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी परिचित के मोबाइल नंबर या सोशल मीडिया अकाउंट से पैसे मांगने का संदेश आने पर बिना पुष्टि के रकम ट्रांसफर न करें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















