अग्रसेन कॉलेज में दीक्षारम्भ समारोह,ज्ञान के साथ संस्कार पर जोर

नवप्रवेशित छात्राओं का स्वागत; नई शिक्षा नीति के अनुरूप तकनीकी दक्षता और भारतीय मूल्यों से जुड़ने का संदेश

कोरबा। श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, दरी रोड में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ और नवप्रवेशित छात्राओं के स्वागत के लिए ‘दीक्षारम्भ समारोह-2026’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती और अग्रसेन महाराज के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद वंदे मातरम् और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।

मुख्य अतिथि विद्या भारती के मध्य क्षेत्र उपाध्यक्ष जुड़ावन सिंह ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, भारतीय संस्कृति, मूल्यों और ज्ञान परंपरा पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार, चरित्र और जिम्मेदार नागरिकता का विकास भी है। उन्होंने छात्राओं को भारतीय परंपराओं से जुड़े रहते हुए आधुनिक शिक्षा के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

विद्या भारती के प्रांत प्रमुख दीपक सोनी ने नई शिक्षा नीति के तहत आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, तकनीक और बदलते शैक्षणिक परिवेश की जरूरतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को तकनीकी ज्ञान के साथ विषयगत दक्षता और व्यवहारिक कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय की सुविधाओं की दी जानकारी
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार झा ने अतिथियों और नवप्रवेशित छात्राओं का स्वागत करते हुए महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, उपलब्ध सुविधाओं और संचालित पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। पूर्व अध्यक्ष छेदीलाल अग्रवाल और अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल ने भी विचार व्यक्त किए।

समारोह में श्री अग्रसेन शिक्षण समिति के अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल, सचिव दीपक कुमार, उपाध्यक्ष आभा अग्रवाल और सदस्य भागवत अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। संस्कृति ज्ञान परीक्षा के विजेताओं को सुश्री अंजना चौधरी और कैप्टन मुकेश अधलखा ने सम्मानित किया।

कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की सब-कोऑर्डिनेटर रुचिका कल्ला ने किया। आयोजन में डॉ. अन्नूसिंह और सहायक प्राध्यापक किरण बाजपेई का विशेष योगदान रहा।