असंगठित क्षेत्र प्रकोष्ठ के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने जयसिंह अग्रवाल से की मुलाकात

जिम्मेदारी को जनसेवा से जोड़कर काम करने की नसीहत, श्रमिकों और जरूरतमंदों की समस्याएं उठाने पर जोर

कोरबा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ के कोरबा ग्रामीण जिले के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने जिला अध्यक्ष विनोद कुमार सारथी के नेतृत्व में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल से मुलाकात की।

पदाधिकारियों ने संगठनात्मक गतिविधियों और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों से जुड़े मुद्दों पर मार्गदर्शन लिया।

प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक द्वारा कोरबा ग्रामीण के विभिन्न ब्लॉकों के लिए अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। इनमें पाली से श्यामलाल कैवर्त,दीपका से प्रतीक राज, हरदीबाजार से संतोष पुरी, कुसमुंडा से नागेश सारथी, दर्री से दिलीप यादव, बालको से निकास सारथी और करतला से कमलेश कुमार शामिल हैं। इसके अलावा जिला उपाध्यक्ष, महासचिव सहित अन्य पदों पर भी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी गई हैं।

जनता के बीच काम करने पर जोर
जयसिंह अग्रवाल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन में मिला पद सम्मान से ज्यादा जिम्मेदारी है। इसकी वास्तविक कसौटी जनता के बीच किए गए काम से तय होती है। उन्होंने पदाधिकारियों से गांव, बस्ती और श्रमिक क्षेत्रों में लगातार संपर्क रखने तथा समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए आवाज उठाने की बात कही।

उन्होंने कहा कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिक अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके अधिकार, सम्मान और समस्याओं को लेकर सक्रिय भूमिका निभाना प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जहां जरूरतमंद की आवाज दबती है, वहीं से संगठन की जिम्मेदारी शुरू होती है।

संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने के साथ असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और जरूरतमंद लोगों के हित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।

जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि नई जिम्मेदारियों से संगठन में नई ऊर्जा आएगी और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक प्रयासों में उनका मार्गदर्शन और सहयोग मिलता रहेगा।