पुलिस का विशेष अभियान, 145 पर कार्रवाई

34 गिरफ्तारी और 8 स्थायी वारंट तामील, 46 फरार आरोपी भी पकड़े गए

कोरबा।गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर कोरबा पुलिस ने अपराधियों, फरार वारंटियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पिछले दो दिनों में पुलिस ने 145 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।

अभियान के दौरान पुलिस ने 34 गिरफ्तारी वारंट और 8 स्थायी वारंट तामील कर फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं 57 बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। विभिन्न अपराधों में फरार चल रहे 46 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार गणेश उत्सव के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही प्रमुख स्थानों पर चेकिंग और निगरानी बढ़ाई गई है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उत्सव के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।