तीन थानों की संयुक्त कार्रवाई में ₹11.56 लाख की जब्ती, 15 बाइक और 15 मोबाइल बरामद
कोरबा। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के सिंघाली जंगल में लंबे समय से संचालित जुए के फड़ पर आखिरकार पुलिस ने शिकंजा कस दिया। बांकीमोंगरा, दीपका और कटघोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने जंगल में घेराबंदी कर जुआ खेल रहे 11 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया। कार्रवाई में पुलिस ने नकदी, मोबाइल और दोपहिया वाहनों समेत कुल ₹11 लाख 56 हजार 500 की सामग्री जब्त की है।
पुलिस के अनुसार सिंघाली जंगल में जुए का फड़ संचालित होने की सूचना मिल रही थी। सूचना के आधार पर तीनों थानों की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। टीम ने जंगल में पहुंचकर जुआ खेल रहे लोगों की घेराबंदी की। पुलिस की अचानक दबिश से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और जुआरियों को संभलने का मौका नहीं मिला।
गिरफ्तार आरोपियों में शिवमोहन सिंह (50), अमित कुमार श्रीवास्तव (48), सफिक खान (25), संजू कुमार साहू (27), ईश्वरी साहू (37), विजय कुमार (52), हेमंत बहादुर कार्की (50), सुमित यादव (28), अभिमन्यु सिंह (35), सुरेंद्र चौहान (39) और राजू नाहक (33) शामिल हैं। आरोपी कोरबा जिले के विभिन्न इलाकों के रहने वाले बताए गए हैं।
नकदी-मोबाइल समेत 11.56 लाख का माल जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ₹74,500 नगद बरामद किए। इसके अलावा 14 एंड्रॉइड और एक की-पैड मोबाइल समेत 15 मोबाइल फोन जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत करीब ₹2.82 लाख बताई गई है। वहीं बुलेट और स्कूटी समेत 15 दोपहिया वाहन, जिनकी कीमत करीब ₹8 लाख आंकी गई है, भी जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जंगल के भीतर लंबे समय से चल रहे जुए के फड़ पर एक साथ तीन थानों की पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में इसकी चर्चा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















