कोरबा-दीपका। SBI का पेंशन कार्ड बनवाने के नाम पर आए फोन पर YONO का पासवर्ड बताना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। बातचीत के बाद उसके साथ करीब 5 लाख रुपए की ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत सामने आई है। मामले में स्टेट साइबर पुलिस स्टेशन, छत्तीसगढ़ से प्राप्त ई-जीरो एफआईआर के आधार पर दीपका थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता राजेंद्र कुमार ने ऑनलाइन शिकायत में बताया कि उसे SBI पेंशन कार्ड बनवाने के नाम पर फोन आया था। कॉल करने वाले ने कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी करने का झांसा देते हुए उससे YONO का पासवर्ड पूछ लिया। इसके बाद उसके बैंक खाते से ऑनलाइन लेनदेन के जरिए राशि की धोखाधड़ी होने की बात शिकायत में कही गई है। शिकायत में कुल करीब 5 लाख रुपए की राशि का उल्लेख किया गया है।
मामले में BNS की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। शिकायत में जिस मोबाइल नंबर का उल्लेख है, उसकी भूमिका समेत ऑनलाइन लेनदेन और धोखाधड़ी से जुड़े अन्य पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही ठगी में शामिल व्यक्ति या अन्य आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
YONO पासवर्ड, OTP और PIN कभी साझा न करें
साइबर ठगी के इस मामले ने एक बार फिर बैंकिंग जानकारी की गोपनीयता को लेकर सतर्क रहने की जरूरत सामने रखी है। बैंकिंग सेवा, पेंशन कार्ड या किसी अन्य सुविधा के नाम पर फोन करने वाले व्यक्ति को YONO पासवर्ड, OTP, ATM PIN, CVV या अन्य गोपनीय जानकारी नहीं देनी चाहिए।
बैंक अथवा किसी संस्था के नाम से फोन आने पर उसकी सत्यता की पहले पुष्टि करें। किसी भी बैंकिंग प्रक्रिया के लिए संभव हो तो संबंधित बैंक की शाखा में जाकर जानकारी लें और अनजान व्यक्ति के साथ फोन पर गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचें।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















