आर्ट ऑफ लिविंग के छह दिवसीय हैप्पीनेस कोर्स का भजन-कीर्तन व सत्संग के साथ समापन
कोरबा।दीपका-गेवरा के ऊर्जानगर स्थित रिक्रिएशन क्लब में आयोजित आर्ट ऑफ लिविंग के छह दिवसीय हैप्पीनेस कोर्स का भजन-कीर्तन और सत्संग के साथ समापन हुआ।
प्रशिक्षण में एसईसीएल के कर्मचारियों, श्रमिकों और उनके परिजनों सहित 138 साधकों ने योग, ध्यान, प्राणायाम और सुदर्शन क्रिया का प्रशिक्षण लिया।
समापन कार्यक्रम में माइनिंग के महाप्रबंधक नागेंद्र साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। श्री श्री रविशंकर की प्रेरणा से आयोजित प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को छह दिनों तक नियमित रूप से योग, ध्यान, प्राणायाम और सुदर्शन क्रिया का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम का संचालन योग शिक्षक गुलाब देशमुख ने किया।
साधकों ने साझा किए अनुभव
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने अपने अनुभव भी साझा किए। श्रीमती राय ने बताया कि उन्हें अस्थमा की समस्या है और सुदर्शन क्रिया के अभ्यास से उन्हें राहत महसूस हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले उन्हें इनहेलर का सहारा लेना पड़ता था, लेकिन प्रशिक्षण के दौरान उन्हें काफी फर्क महसूस हुआ।
योग शिक्षक गुलाब देशमुख ने कहा कि कोरबा के कोयलांचल में खदानों की धूल और काम के तनाव के बीच योग एवं प्राणायाम शरीर और मन को संतुलित रखने में सहायक हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि गुरुदेव का संकल्प है कि हर व्यक्ति स्वस्थ और प्रसन्न रहे।
समापन अवसर पर सभी 138 साधकों ने सामूहिक भजन-कीर्तन और सत्संग में भाग लिया। गुरु भक्ति के दौरान पूरा ऊर्जानगर परिसर ‘जय गुरुदेव’ के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग दीपका के जगत सिंह भदौरिया, सुनीता भदौरिया, मुन्ना साहू, भरत साहू सहित संस्था के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















