मकान निर्माण को लेकर विवाद, एक पक्ष ने पुलिस में की शिकायत तो दूसरे ने निगम के सामने किया प्रदर्शन

कोरबा।अमरैय्यापारा में नवधा पंडाल के पास मकान निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है। निर्माण में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए कुलवंत कौर ने मानिकपुर पुलिस चौकी में शिकायत की, वहीं दूसरे पक्ष के समर्थन में जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मानिकपुर चौकी क्षेत्र के अमरैय्यापारा में कुलवंत कौर का परिवार लंबे समय से निवासरत है। कुलवंत कौर का कहना है कि वह अपनी जमीन पर नया निर्माण करा रही हैं, लेकिन कुछ लोग निर्माण में बाधा डाल रहे हैं और उन्हें परेशान करने के साथ धमकाया जा रहा है।

उन्होंने पड़ोसियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का भी आरोप लगाया है। इस संबंध में मानिकपुर चौकी में शिकायत की गई।

इधर, दूसरे पक्ष का कहना है कि उनके द्वारा निर्माण नहीं, बल्कि अतिक्रमण का विरोध किया जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के समर्थन में लोगों ने नगर निगम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया और मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन की सूचना पर नगर निगम अधिकारी पवन वर्मा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लिया। उन्होंने कहा कि मामले का परीक्षण करने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस की ओर से कुलवंत कौर को मामले में न्यायालय जाने की सलाह दिए जाने की बात सामने आई है।

फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। एक ओर निर्माण में बाधा और धमकी का आरोप है, तो दूसरी ओर अतिक्रमण का दावा किया जा रहा है। अब निगम की जांच और आगे की कार्रवाई से स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।