डीएमएफ की मदद से ज्योति के डॉक्टर बनने का सपना होगा साकार

स्वामी विवेकानंद शिक्षा प्रोत्साहन योजना से मिली सहायता, कलेक्टर ने बढ़ाया हौसला

कोरबा।आर्थिक परिस्थितियां अब खनन प्रभावित क्षेत्र की मेधावी छात्रा ज्योति कंवर की उच्च शिक्षा की राह में बाधा नहीं बनेंगी। ग्राम मुड़कछार निवासी ज्योति को स्वामी विवेकानंद जिला खनिज न्यास शिक्षा प्रोत्साहन योजना के तहत चिकित्सा शिक्षा के लिए ₹53,500 की आर्थिक सहायता दी गई है।

ज्योति ने कक्षा 12वीं की पढ़ाई प्रयास आवासीय विद्यालय से पूरी करने के बाद राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में सफलता हासिल की। इसके बाद उनका चयन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, महासमुंद में हुआ है। अब डीएमएफटी से मिली आर्थिक सहायता उनकी मेडिकल शिक्षा जारी रखने में सहायक होगी।

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने ज्योति को सहायता राशि का चेक प्रदान किया। उन्होंने छात्रा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश तथा कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन और कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में डीएमएफटी कोरबा के माध्यम से खनन प्रभावित क्षेत्रों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है। योजना का उद्देश्य आर्थिक कठिनाइयों के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो और उन्हें अपनी प्रतिभा के अनुरूप शिक्षा के अवसर मिल सकें।

सहायता मिलने पर ज्योति कंवर ने जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह आर्थिक सहयोग उन्हें मेडिकल शिक्षा जारी रखने और अपने डॉक्टर बनने के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने में महत्वपूर्ण मदद देगा।