रक्षाबंधन पर मायके नहीं पहुंची तो खुला राज, लिव-इन पार्टनर पर हत्या का संदेह; वारदात के बाद से फरार
कोरबा। उत्तर प्रदेश के मेरठ के चर्चित ‘नीले ड्रम कांड’ की यादें अभी ताजा ही थीं कि कोरबा के वनांचल क्षेत्र में शव छिपाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली में करीब दो साल से लिव-इन पार्टनर के साथ रह रही 33 वर्षीय संतोषी उरांव का शव घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक से बरामद किया गया है। महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शव को टैंक में छिपाए जाने की आशंका है। पुलिस उसके लिव-इन पार्टनर मनोज उरांव की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त को मनोज नशे की हालत में घर पहुंचा था। किसी बात को लेकर संतोषी से उसका विवाद हुआ। आरोप है कि मनोज ने उसके साथ मारपीट की। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया।
हालांकि देर शाम दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि दूसरी बार हुई मारपीट में संतोषी की मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद आरोपी ने कथित तौर पर शव को घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में डाल दिया और उसका ढक्कन बंद कर दिया। अगले दिन रक्षाबंधन पर संतोषी जब मायके नहीं पहुंची तो उसके भाइयों ने मनोज से संपर्क किया। आरोप है कि मनोज ने संतोषी के एक दिन पहले ही घर से चले जाने की बात कहकर परिजनों को गुमराह किया।
कई दिनों तक संतोषी का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। संदेह बढ़ने पर मामला पुलिस तक पहुंचा। जांच के दौरान घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक से संतोषी का शव बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से मनोज उरांव फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश के साथ ही पूरे मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारण तथा घटना की पूरी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















