तेज आवाज में डीजे बजाना पड़ा भारी, पिकअप समेत साउंड सिस्टम जब्त

कोरबा। गणेश विसर्जन के दौरान निर्धारित सीमा से अधिक तेज आवाज में डीजे बजाना युवक को भारी पड़ गया। बांकीमोंगरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डीजे लगे पिकअप वाहन समेत छह साउंड बॉक्स जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार कोराई गांव मुख्य मार्ग पर कुरैना निवासी भूवन पाल (29) पिकअप क्रमांक सीजी 10 डब्ल्यू 3976 में अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजा रहा था। तेज आवाज के कारण राहगीरों को परेशानी हो रही थी। वहीं परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन के साथ छह साउंड बॉक्स जब्त किए।

जब्त साउंड बॉक्स में जेपीएल के 200 वाट के चार तथा गोदरीवाला के 1000 वाट के दो बॉक्स शामिल हैं।

पुलिस ने मामले में कोलाहल नियंत्रण अधिनियम की धारा 5 एवं 15 के तहत कार्रवाई की है।