बारिश खत्म होते ही भिलाई बाजार- तेन्दुवाही सड़क का काम शुरू करने की मांग

PMGSY में 2026-27 के लिए स्वीकृत है नवीनीकरण, जर्जर सड़क से रोज गुजरते हैं हजारों ग्रामीण

कोरबा। भिलाई बाजार से केशला, गंगदेई और तेन्दुवाही होते हुए एनएच-130 तक जाने वाली सड़क के नवीनीकरण का काम बारिश खत्म होते ही शुरू कराने की मांग की गई है। समाजसेवक प्रदीप जायसवाल ने कलेक्टर को पत्र देकर स्वीकृत सड़क का काम प्राथमिकता से शुरू कराने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश देने का आग्रह किया है।

जायसवाल ने पत्र में बताया कि भिलाई बाजार-केशला- गंगदेई-तेन्दुवाही मार्ग पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण सड़क की हालत जर्जर हो गई है।यह मार्ग आसपास के गांवों के हजारों लोगों के लिए प्रमुख आवागमन का साधन है। सड़क खराब होने से ग्रामीणों को रोज परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।

PMGSY में मिली है स्वीकृति

पत्र के अनुसार इस सड़क के नवीनीकरण को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत वर्ष 2026-27 में स्वीकृति मिली है। इसके बावजूद काम शुरू नहीं होने को लेकर जल्द कार्रवाई की मांग की गई है। जायसवाल ने कहा कि बारिश समाप्त होते ही नवीनीकरण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

उन्होंने जनहित में कलेक्टर से संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया है।