बीएमसी का वार्षिक कॉन्क्लेव कैंसर के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगाः विष्णु देव साय

मुख्यमंत्री ने चौथे बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव में सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन कार्यक्रम का किया शुभारंभ

कैंसर उपचार में संतुलन की पुनर्स्थापना’ विषय पर 500 से अधिक राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय विशेषज्ञ और 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ जुटे

रायपुर। बालको मेडिकल सेंटर (बीएमसी) के चौथे छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव में देश-विदेश के 500 से अधिक कैंसर विशेषज्ञ, चिकित्सक, शोधकर्ता और स्वास्थ्यकर्मी जुटे हैं। नया रायपुर के मेफेयर लेक रिजॉर्ट में 18 से 20 सितंबर तक आयोजित तीन दिवसीय कॉन्क्लेव में 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ भी हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री के साथ स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और शुरुआती पहचान के लिए जमीनी स्तर पर चल रहे प्रयासों को मजबूत करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम संभव है और छत्तीसगढ़ को सर्वाइकल कैंसर मुक्त बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

कैंसर उपचार में सही विकल्पों पर मंथन
‘कैंसर उपचार में संतुलन की पुनर्स्थापना’ थीम पर आयोजित कॉन्क्लेव में स्तन, स्त्री रोग और मूत्र-जनन तंत्र से जुड़े कैंसर के उपचार में सही विकल्पों पर चर्चा की जा रही है। विशेषज्ञ वैज्ञानिक प्रमाणों पर आधारित उपचार, मरीज-केंद्रित देखभाल, किफायती उपचार, रोकथाम और समान स्वास्थ्य सुविधाओं जैसे विषयों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं।

बीएमसी ने एकैन्सर, टाटा मेमोरियल सेंटर और नेशनल कैंसर ग्रिड के सहयोग से आयोजित इस कॉन्क्लेव में 20 से अधिक विशेषज्ञ पैनल चर्चा, लाइव सर्जिकल डेमोन्स्ट्रेशन और व्यावहारिक कार्यशालाएं रखी हैं।

डॉ. रवि कन्नन को वेदावती अग्रवाल अवॉर्ड
कैंसर उपचार के क्षेत्र में योगदान के लिए बीएमसी ने डॉ. रवि कन्नन को ‘वेदावती अग्रवाल ऑरेशन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया। यह सम्मान टिकाऊ और समान अवसर वाली कैंसर देखभाल तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने में योगदान के लिए दिया गया। यह अवॉर्ड वेदांता मेडिकल रिसर्च फाउंडेशन की चेयरपर्सन ज्योति अग्रवाल ने अपनी माता स्वर्गीय वेदावती अग्रवाल की स्मृति में शुरू किया है।

महिला कैंसर उपचार पर विशेष जोर
कॉन्क्लेव में महिलाओं में होने वाले कैंसर की रोकथाम और उपचार पर विशेष चर्चा हुई। बीएमसी के अनुसार सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण और शुरुआती जांच से जुड़े प्रयासों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्नत इंटरस्टिशियल ब्रैकीथेरेपी के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर के उपचार में बेहतर परिणाम हासिल करने पर भी काम किया जा रहा है।

बीएमसी में शुरू किए गए स्तन स्वास्थ्य क्लिनिक में महिला कैंसर विशेषज्ञों की टीम जांच, निदान और उपचार से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध करा रही है। बीएमसी की मेडिकल डायरेक्टर डॉ. भावना सिरोही ने कहा कि कैंसर की रोकथाम और मरीजों को उनके घर के करीब गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकताओं में है।

कॉन्क्लेव में ‘वूमेन फॉर ऑन्कोलॉजी’ कार्यक्रम भी हुआ।

इसके जरिए महिला कैंसर विशेषज्ञों के बीच सहयोग, मार्गदर्शन और नेतृत्व को बढ़ावा देने पर चर्चा की गई। साथ ही ‘कैनवास फॉर ए लाइफ’ कला एवं विरासत प्रदर्शनी के जरिए बीएमसी चैरिटेबल फंड के लिए सहयोग जुटाने की पहल की गई, जिससे जरूरतमंद मरीजों को उपचार, जांच, पोषण और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।