एक ही पेड़ पर लटके मिले युवक- युवती के शव, गांव में सनसनी,प्रेम संबंध की चर्चा; पुलिस जांच में जुटी

कोरबा। लेमरू थाना क्षेत्र के ग्राम अरेतरा में शुक्रवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक ही स्थान पर युवक और युवती के शव पेड़ से फंदे पर लटके मिले। दोनों की पहचान गांव के ही मुकेश यादव और पुनीता मझवार के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

सूचना पर लेमरू पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद दोनों शवों को नीचे उतरवाया और पंचनामा कार्रवाई की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल मामले को आत्महत्या की आशंका से जोड़कर जांच कर रही है, लेकिन मौत के कारण की अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही होगी।

प्रेम संबंध की चर्चा, कारण स्पष्ट नहीं
गांव में चर्चा है कि मुकेश और पुनीता के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। हालांकि दोनों ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस परिजनों, परिचितों और ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।

एक ही जगह दो शव मिलने की घटना से गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने मामले के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।