बुंदेली में आज सजेगा श्याम अखाड़ा, भजनों से गूंजेगा पंडाल

कोरबा। ग्राम बुंदेली, झगरहा-भुलसीडीह के समीप शनिवार को 12वें भव्य ‘श्याम अखाड़ा’ का आयोजन किया जाएगा। शाम 7 बजे से होने वाले इस धार्मिक आयोजन में देश के विभिन्न शहरों से पहुंचे भजन गायक बाबा श्याम की भक्ति में सुरों की प्रस्तुति देंगे। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

अधिवक्ता राजकुमार मोदी और सीए गोपाल अग्रवाल ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि कार्यक्रम में दिल्ली की प्रसिद्ध भजन गायिका शीतल पांडे, उत्तर प्रदेश के राबर्ट्सगंज से संजीव शर्मा, जबलपुर से प्रीति सरगम और श्याम प्रेमी गोपाल अग्रवाल भजनों की संगीतमय प्रस्तुति देंगे। अभिषेक गर्ग द्वारा बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। आयोजन स्थल पर 40 फीट चौड़ा फूलों से सजा भव्य श्याम दरबार तैयार किया गया है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करीब 25 हजार वर्गफीट का डोम बनाया गया है, जिसमें 5 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए श्याम रसोई की भी व्यवस्था की गई है। आयोजकों के मुताबिक कोरबा के अलावा अंबिकापुर, सूरजपुर, पेंड्रा, बिलासपुर, सारंगढ़ और रायपुर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

सालासर बालाजी की तर्ज पर बन रहा मंदिर

श्याम अखाड़ा स्थल के समीप राजस्थान के प्रसिद्ध सालासर बालाजी मंदिर की तर्ज पर भव्य मंदिर का निर्माण भी कराया जा रहा है। श्री श्याम अखाड़ा परिवार के राजकुमार मोदी, गोपाल अग्रवाल, महेंद्र अग्रवाल, सचिन सिंघल, लक्ष्मण जायसवाल, अंकित टेकरीवाल, अमन बंसल और बृजमोहन शर्मा ने बताया कि करीब 4 हजार वर्गफीट में बन रहे मंदिर के छत और गुंबद की ढलाई पूरी हो चुकी है।

मंदिर में मंडप के ऊपर 21 फीट ऊंचा विशेष गुंबद बनाया गया है। आगामी दिनों में सालासर धाम से अखंड ज्योत, ओंकारेश्वर से शिवलिंग और जयपुर से मूर्तियां लाकर मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी।