प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने किया निरीक्षण, निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी देने जागरूकता कार्यक्रम के निर्देश
कोरबा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष नीता यादव की अध्यक्षता में डिस्ट्रिक्ट जेल विजिटर्स बोर्ड ने उपजेल कटघोरा का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य जेल में निरुद्ध बंदियों को मिल रही मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और विधिक सहायता की व्यवस्था की समीक्षा करना था।
बोर्ड ने जेल के बैरक, रसोईघर, स्वास्थ्य केंद्र, स्वच्छता व्यवस्था सहित विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया। इस दौरान भोजन की गुणवत्ता एवं पोषण, चिकित्सा सुविधाओं, दवाइयों की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति, शिक्षा और खेलकूद गतिविधियों की भी जानकारी ली गई। जेल स्थित लीगल एड क्लीनिक की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर यह देखा गया कि बंदियों को समय पर निःशुल्क कानूनी सहायता मिल रही है या नहीं।
निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश नीता यादव ने जेल अधीक्षक और संबंधित अधिकारियों को बंदियों के लिए स्वच्छ वातावरण, पौष्टिक भोजन, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता, अधिवक्ता नियुक्ति और विभिन्न कानूनी योजनाओं की जानकारी देने के लिए व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित संक्षिप्त जागरूकता शिविर में बंदियों को संबोधित करते हुए कहा गया कि वे स्वयं को असहाय न समझें।
विधिक सेवा प्राधिकरण जरूरतमंद बंदियों को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है।
निरीक्षण में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, सुश्री मयूरा गुप्ता, एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह, एसडीओ पीडब्ल्यूडी एससी पाण्डेय, डॉ. रश्मि, सहायक जेल अधीक्षक कटघोरा, फार्मासिस्ट, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा जेल स्टाफ मौजूद रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















