झरने में 30 फीट नीचे मिली युवक की लाश बुआ के घर घूमने आया था युवक, रात में लापता हुआ, सुबह झरने में मिला शव

कोरबा। लेमरू थाना क्षेत्र के चिरईझुंझ में झरने के नीचे करीब 30 फीट गहराई में युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अंबिकापुर जिले के दरिमा निवासी रमेश अघरिया के रूप में हुई है। रमेश करीब सप्ताहभर पहले अपनी बुआ के घर घूमने आया था।

जानकारी के मुताबिक रमेश की बुआ राधाबाई अपने पति भंवर साय के साथ गांव में आयोजित कार्यक्रम में गई थीं।

शाम को लौटने पर रमेश घर पर नहीं मिला। परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। रात में तलाश के बाद सुबह ग्रामीणों ने झरने के नीचे गहराई में रमेश का शव देखा।

सूचना पर लेमरू पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्गम स्थान पर शव करीब 30 फीट नीचे फंसा था। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने रस्सी के सहारे शव को बाहर निकलवाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

फिसलने से गिरने की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक के झरने के पास जाने और पैर फिसलने से नीचे गिरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।