पार्टी के लिए बाइक चोरी, ग्राहक तलाशते दो युवक गिरफ्तार

शौक और अय्याशी के लिए वाहन चुराने का पुलिस का दावा, निशानदेही पर दो बाइक बरामद

कोरबा। महंगे शौक और अय्याशी का खर्च उठाने के लिए बाइक चोरी करने वाले दो युवकों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे, तभी मुखबिर की सूचना पर उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर दो चोरी की बाइक बरामद की गई हैं।

कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि शांतिनगर निवासी ने 20 मई को बाइक चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उसके मुताबिक रात 9 से 10 बजे के बीच बाइक चोरी हो गई थी।शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 454/ 26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस टीम ने बताए स्थान पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार दोनों ने बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर दो बाइक बरामद की गईं।

पुलिस के अनुसार दोनों युवक फिलहाल कोई काम नहीं करते थे। पूछताछ में उन्होंने शौक और अय्याशी के लिए बाइक चोरी करने तथा उन्हें बेचकर मिलने वाली रकम से पार्टी करने की तैयारी की बात बताई। पुलिस अब दोनों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।