सांसद ने स्वास्थ्य, रेल, विस्थापन, सड़क और प्रदूषण के मुद्दों पर केंद्र-राज्य सरकार को घेरा
कोरबा। कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि कोरबा और छत्तीसगढ़ के विकास तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम होना चाहिए। उन्होंने प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर केंद्र और राज्य सरकार से जवाबदेही की मांग की।
सांसद ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में नया मेडिकल कॉलेज खोलने तथा कोरबा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस और पीजी की सीटें बढ़ाने की मांग की। कोरबा ईएसआईसी अस्पताल में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के रिक्त पदों को शीघ्र भरने पर भी जोर दिया।
उन्होंने यात्री ट्रेनों की अनियमितता, ठहराव और लगातार रद्दीकरण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे आम यात्रियों को परेशानी हो रही है। रेल मंत्री के आगामी बिलासपुर प्रवास के दौरान कोरबा की रेल समस्याओं को प्रमुखता से रखा जाएगा।
एसईसीएल प्रभावित परिवारों के लिए उचित मुआवजा, पुनर्वास और रोजगार की मांग करते हुए सांसद ने कहा कि खदानों में कार्यरत ठेका कंपनियों में स्थानीय बेरोजगारों और भू-विस्थापित परिवारों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
उन्होंने डीएमएफ की राशि प्रभावित क्षेत्रों में खर्च करने, सुनालिया अंडरब्रिज का निर्माण, जर्जर सड़कों की मरम्मत, प्रदूषण नियंत्रण तथा स्थानीय धार्मिक स्थलों को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग भी रखी।
रेल मुद्दे पर आंदोलन की चेतावनी
सांसद महंत ने कहा कि कोरबा मिनी इंडिया है और यहां देश के विभिन्न हिस्सों से लोग आकर रहते हैं। रोजगार और अन्य जरूरतों के लिए उन्हें लंबी दूरी की यात्रा करनी पड़ती है, लेकिन रेल सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि कई नई ट्रेनों के संचालन और ठहराव की मांग के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
रेल समस्याओं को लेकर आने वाले दिनों में व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा, जिसमें सभी संगठनों और आम लोगों से सहयोग की अपेक्षा है।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, विधायक फूलसिंह राठिया, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री हरीश परसाई सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















