बालको परिवार ने श्रद्धा से की भगवान विश्वकर्मा की आराधना

संयंत्र की विभिन्न इकाइयों में हुआ पूजन, सुरक्षा और कंपनी की प्रगति की कामना

कोरबा। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) में भगवान विश्वकर्मा जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर संयंत्र की विभिन्न इकाइयों और कार्यालयों में भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।

अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेका कामगारों ने पूजा में शामिल होकर कंपनी की प्रगति, कार्यस्थल पर सुरक्षा और समृद्धि की कामना की।

सुबह से ही संयंत्र परिसर में उत्सव का माहौल रहा। विभिन्न इकाइयों में आकर्षक सजावट की गई थी। कंपनी के सीईओ एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कर्मचारियों और ठेका कामगारों ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की। धार्मिक अनुष्ठान के बाद उपस्थितजनों को प्रसाद वितरित किया गया।

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की आराधना सृजन के साथ सुरक्षा और जिम्मेदारी को प्राथमिकता देने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मचारी का योगदान सामूहिक प्रगति का आधार है। सुरक्षित कार्यसंस्कृति, नवाचार और टीम भावना के साथ औद्योगिक विकास के नए आयाम स्थापित करने के लिए बालको प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि कंपनी आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।