राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने दिखाया हुनर, महिला खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण समेत 5 पदक
कोरबा। इंदौर में आयोजित राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में कोरबा की सीएमए किकबॉक्सिंग एकेडमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 8 पदक अपने नाम किए। 8 से 12 सितंबर तक आयोजित सीनियर महिला-पुरुष वर्ग की प्रतियोगिता में देशभर से 700 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के मार्गदर्शन और मध्यप्रदेश किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में हुई प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 67 महिला-पुरुष खिलाड़ियों ने विभिन्न विधाओं में चुनौती पेश की। इनमें पाइंट फाइटिंग, लाइट कांटेक्ट, किक लाइट, फुल कांटेक्ट, लो-किक, के-1, म्यूजिकल फॉर्म्स और क्रिएटिव फॉर्म्स शामिल रहे।
महिला वर्ग में लोकिता चौहान ने ओडिशा, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के खिलाड़ियों को हराकर स्वर्ण और कांस्य पदक हासिल किया। श्रेया शुक्ला ने सिक्किम और पंजाब के खिलाड़ियों को मात देकर स्वर्ण पदक जीता। हुफैजा फातिमा ने केरल की खिलाड़ी के खिलाफ मुकाबले में रजत, जबकि प्रतिभा राय ने सिक्किम की प्रतिद्वंद्वी को चुनौती देते हुए कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुष वर्ग में राष्ट्रीय खिलाड़ी अंकुश लाल यादव ने रजत और कांस्य पदक जीते। जगदीश यादव ने कांस्य पदक हासिल किया, जबकि सुयश नामदेव ने भी प्रतियोगिता में प्रभावी प्रदर्शन किया।
छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के संस्थापक एवं प्रमुख प्रशिक्षक तारकेश मिश्रा और महासचिव आकाश गुरुदीवान ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को सराहा। प्रतियोगिता में आकाश गुरुदीवान के अलावा ऑफिशियल मनीष बाग, प्रभात साहू, जुनैद आलम और मयंक डडसेना भी शामिल रहे।
खिलाड़ियों की सफलता पर एसोसिएशन अध्यक्ष छगनलाल मूंदड़ा, क्रीड़ा भारती के प्रांत मंत्री सुमित उपाध्याय, बलराम विश्वकर्मा, सीएमए किकबॉक्सिंग एकेडमी की संचालिका प्रीती मिश्रा, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रेहाना फातिमा सहित अन्य ने बधाई दी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















