सड़क हादसों का ग्राफ कम हो, ऐसी हो व्यवस्था : सांसद

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में निर्देश ब्लैक स्पॉट पर सुधार, नशे में ड्राइविंग और ओवरस्पीडिंग पर सख्ती

कोरबा। जिले में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। यातायात नियमों का प्रभावी पालन कराने के साथ विभागों के बीच बेहतर समन्वय से काम हो, ताकि सड़कों पर हादसों का ग्राफ कम किया जा सके। यह निर्देश सांसद लोकसभा क्षेत्र कोरबा ज्योत्सना चरणदास महंत ने जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई बैठक में सांसद ने राष्ट्रीय राजमार्ग सहित दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रेडियमयुक्त चेतावनी व संकेतक बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप, क्रैश बैरियर और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। ब्लैक एवं ग्रे स्पॉट पर सुधार कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने, नशे में ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट, तीन सवारी और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों की बेतरतीब पार्किंग रोकने उपयुक्त पार्किंग स्थल चिह्नित करने तथा ग्रामीण सड़कों के मरम्मत और जीर्णोद्धार कार्य में तेजी लाने को कहा।

अवैध राखड़ डंपिंग पर भी सख्ती
सांसद ने मुख्य मार्गों और आसपास अवैध राखड़ डंपिंग पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बताया कि जिले में अवैध राखड़ डंपिंग के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग के दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार रंबल स्ट्रिप, रोड शोल्डर और क्रैश बैरियर लगाने के कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और मोडिफाइड साइलेंसर के इस्तेमाल के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

परिवहन विभाग के अधिकारी अतुल असैया ने सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान चलाए गए जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी। स्कूल-कॉलेजों में रंगोली, नुक्कड़ नाटक, क्विज और निबंध जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

बैठक में विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, विधायक रामपुर फूल सिंह राठिया,निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, डीएफओ कटघोरा जितेंद्र उपाध्याय, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।