आग की तपिश से ज्यादा सताती थी पानी की किल्लत, अब आंगन में बहती है नल की धार

जल जीवन मिशन से बदली अमलीपारा की तस्वीर, लोहार दंपती समेत ग्रामीणों को ढोढ़ी से पानी लाने की मजबूरी से मिली राहत

कोरबा। कोरबा विकासखंड की दूरस्थ ग्राम पंचायत गिरारी के आश्रित ग्राम अमलीपारा में गर्मी का मौसम कभी पानी की चिंता लेकर आता था। तापमान बढ़ते ही ग्रामीणों की दिनचर्या पानी जुटाने में उलझ जाती थी। घर की जरूरत पूरी करने के लिए महिलाओं के साथ पुरुषों और बच्चों को भी ढोढ़ी तक जाना पड़ता था। अब जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल कनेक्शन पहुंचने से यह तस्वीर बदल गई है। घर के आंगन में नल से पानी पहुंचने लगा है और वर्षों पुरानी परेशानी कम हुई है।

अमलीपारा के लोहार दंपती भारत लोहार और सुनीता लोहार के लिए यह बदलाव खास मायने रखता है। भारत लोहार का काम लोहे को भट्ठी की आग में तपाकर उसे आकार और धार देना है। दिनभर आग के सामने मेहनत करने वाले भारत बताते हैं कि गर्मी में भट्ठी की तपिश से ज्यादा परेशानी पानी की कमी से होती थी। ढोढ़ी से पानी लाने में समय और श्रम दोनों लगते थे। कई बार पानी के लिए काम तक रोकना पड़ता था, जिससे रोजी-रोटी भी प्रभावित होती थी।

अब घर में नल से पानी मिलने लगा है। भारत कहते हैं कि पानी के लिए दूर नहीं जाना पड़ता, जिससे समय बचता है और काम पर भी पूरा ध्यान दे पाते हैं। उनके लिए घर के आंगन तक पहुंचा पानी केवल सुविधा नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में बड़ी राहत है।

सुनीता लोहार बताती हैं कि पहले सुबह-शाम पानी जुटाना परिवार की सबसे बड़ी चिंता रहती थी। पानी लाने में काफी समय निकल जाता था और परिवार के दूसरे सदस्यों को भी इसमें हाथ बंटाना पड़ता था। अब घर में नल कनेक्शन होने से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ती। नियमित पानी मिलने से घरेलू काम भी आसानी से पूरे हो रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार बारिश और दूसरे मौसम में स्थिति संभल जाती थी, लेकिन गर्मी में ढोढ़ी पर निर्भरता बढ़ जाती थी।

अब घर-घर नल कनेक्शन पहुंचने से पानी के लिए लगने वाला समय और श्रम बच रहा है। खासकर महिलाओं को इसका सीधा लाभ मिला है। बचा हुआ समय वे परिवार, बच्चों और दूसरे जरूरी कामों में लगा पा रही हैं।

अमलीपारा की यह तस्वीर बताती है कि घर के आंगन तक पहुंची पानी की धार केवल प्यास नहीं बुझाती, बल्कि समय, श्रम और चिंता भी कम करती है।

ग्रामीणों के लिए नल कनेक्शन आसान और सुविधाजनक जीवन की नई शुरुआत बन रहा है।