कोरबा। कोरबा-चांपा राष्ट्रीय राजमार्ग के उरगा मुख्य मार्ग पर हाइड्रा वाहन के नीचे 26 वर्षीय चालक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सक्ति जिले के ग्राम नगरदा निवासी सोनू यादव के रूप में हुई है। पुलिस को आशंका है कि किसी दूसरे वाहन की टक्कर से उसकी मौत हुई है। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
राहगीरों ने सड़क पर हाइड्रा वाहन के नीचे युवक को पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। शव को शव कक्ष में रखवाने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी।
बताया गया कि सोनू पिछले करीब तीन वर्षों से एक निजी कंपनी का हाइड्रा वाहन चला रहा था। वह हर दो-तीन दिन में घर आता-जाता था। तीन भाइयों में वह दूसरे नंबर का था। उसकी शादी को दो वर्ष हुए थे और उसका एक छोटा बच्चा भी है।
भतीजे के जन्मदिन पर घर जाने वाला था
परिजनों के अनुसार सोनू के बड़े भाई के बेटे का जन्मदिन था। वह भतीजे के लिए केक लेकर घर जाने वाला था। उसने फोन पर परिवार से बात कर जन्मदिन में पहुंचने की बात भी कही थी। तय समय तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसके मोबाइल पर लगातार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में उरगा मुख्य मार्ग पर उसके हादसे की जानकारी मिली।
सिविल लाइन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है। किसी दूसरे वाहन ने टक्कर मारी या हाइड्रा वाहन से ही दुर्घटना हुई, इसका पता जांच के बाद चलेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
