ऊपर सड़क, नीचे खोखली जमीन… कभी भी धंस सकता है बरपाली- गिरारी मार्ग

सबग्रेड कमजोर होने से बीच सड़क में बना बड़ा होल, रोज गुजरते हैं सैकड़ों वाहन; ग्रामीणों ने जताई हादसे की आशंका

कोरबा। बरपाली से गिरारी को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क अब हादसे को न्योता दे रही है। सड़क के नीचे का सबग्रेड कमजोर होने से एक बड़ा हिस्सा अंदर से खोखला हो गया है और बीच सड़क में गहरा होल बन गया है। हालात ऐसे हैं कि भारी वाहन का दबाव पड़ते ही सड़क का हिस्सा अचानक धंस सकता है।

यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लिए प्रमुख संपर्क सड़क है। रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों के अलावा ग्रामीण, किसान, मजदूर और स्कूली बच्चे इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। सड़क पर बने धंसे हिस्से के कारण दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार बारिश के बाद सड़क के नीचे की मिट्टी और आधार परत कमजोर होने से धंसाव शुरू हुआ है। ऊपर से सड़क सामान्य नजर आने के कारण वाहन चालकों को खतरे का अंदाजा भी नहीं हो पाता। रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मौके की तकनीकी जांच कराकर तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले खतरे को टाला जा सके।