तीन माह में उखड़ी सीएसआर की सीसी रोड, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल

बरपाली में 15-16 लाख की लागत से बनी सड़क पहली बारिश में बदहाल, सांसद प्रतिनिधि ने कलेक्टर से की जांच की मांग

कोरबा। बरपाली के बाजार मोहल्ले में मां मड़वारानी मंदिर से जैत- खंभ तक सीएसआर मद से बनाई गई सीसी रोड महज तीन माह में उखड़ने लगी है। सड़क की खराब स्थिति को लेकर निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। सांसद प्रतिनिधि कृषि एवं उद्यानिकी विभाग मंदीप शर्मा ने कलेक्टर को शिकायत सौंपकर सड़क की उच्चस्तरीय एवं स्वतंत्र तकनीकी जांच कराने की मांग की है।

शिकायत के अनुसार अडानी (लैंको अमरकंटक) के सीएसआर मद से करीब 15-16 लाख रुपए की लागत से सड़क का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि निर्माण पूरा होने के लगभग तीन माह बाद ही पहली बारिश में सड़क कई स्थानों पर उखड़ गई और जगह-जगह गड्ढे बन गए। इससे निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और तकनीकी मानकों की अनदेखी की आशंका जताई गई है।

स्कूली बच्चों समेत ग्रामीण परेशान
मंदिर और जैत-स्तंभ तक पहुंचने के लिए यह प्रमुख मार्ग है। इसके अलावा स्कूली बच्चों और ग्रामीणों का भी इस सड़क से नियमित आवागमन होता है। सड़क के उखड़ने और गड्ढे बनने से बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मंदीप शर्मा ने शिकायत में निर्माण कार्य की गुणवत्ता, उपयोग की गई सामग्री और तकनीकी मानकों की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र तकनीकी जांच से सड़क निर्माण में सामने आ रही खामियों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और दोष पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जा सकेगी।