रेलवे कॉलोनी मार्ग में घुसा कोयला लोड ट्रक, पलटा

अमरैया बायपास पर देर रात हादसा, बाल-बाल बचे लोग; रास्ते में कोई नहीं होने से टली बड़ी घटना

कोरबा। अमरिया बायपास रोड पर मंगलवार देर रात कोयला लोड ट्रक अनियंत्रित होकर रेलवे कॉलोनी की ओर जाने वाले मार्ग में घुस गया और पलट गया। हादसे के समय रास्ते में कोई व्यक्ति नहीं होने से जनहानि टल गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक सीजी 12 एस 5281 एसईसीएल की कोरबा क्षेत्र स्थित खदान से कोयला लोड कर गंतव्य की ओर जा रहा था। ट्रांसपोर्ट नगर से करीब दो किलोमीटर आगे अमरिया बायपास पर पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। ट्रक सड़क से उतरकर रेलवे कॉलोनी की ओर जाने वाले मार्ग में घुस गया और कुछ दूरी पर पलट गया।

देर रात ट्रक के पलटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गनीमत रही कि जिस समय भारी वाहन अनियंत्रित होकर कॉलोनी की ओर बढ़ा, उस दौरान मार्ग पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। स्थानीय लोगों के मुताबिक इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है, ऐसे में रात के समय तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण जरूरी है।