जटगा पंचायत में विवाद का मामला, चौकी और एसपी से शिकायत; शिकायतकर्ता ने जताया जान-माल का खतरा
कोरबा। पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक की जटगा ग्राम पंचायत में कामकाज से जुड़ी जानकारी मांगने के लिए आरटीआई आवेदन लगाने पहुंचे अधिवक्ता से कथित अभद्रता और धमकी का मामला सामने आया है। अधिवक्ता दीपक गुप्ता ने पंचायत सचिव इंद्रप्रसाद मरकाम और सरपंच पति नारायण मरकाम पर गाली-गलौज और जान-माल के नुकसान की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत जटगा पुलिस चौकी और पुलिस अधीक्षक से की गई है।
शिकायत के मुताबिक 15 सितंबर को दीपक गुप्ता आरटीआई के तहत आवेदन जमा करने पंचायत भवन पहुंचे थे। इसी दौरान सचिव और सरपंच पति से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि दोनों ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की और पंचायत परिसर से बाहर जाने को कहा। शिकायतकर्ता के अनुसार उन्हें जान-माल के नुकसान की धमकी भी दी गई।
दीपक गुप्ता ने आरोप लगाया कि जटगा पंचायत में सरपंच पति का पंचायत के कामकाज में हस्तक्षेप है और उन्हें शासकीय कुर्सी पर बैठने की व्यवस्था तक की गई है। उनका दावा है कि पंचायत सचिव की मौजूदगी में सरपंच पति पंचायत के कार्यों का संचालन करते हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के रिश्तेदारों के पंचायत कार्यों में हस्तक्षेप को लेकर शासन के निर्देश होने के बावजूद जटगा में अलग व्यवस्था नजर आ रही है।
शिकायतकर्ता ने पंचायत भवन में हुई कथित घटना को लेकर पुलिस चौकी में लिखित शिकायत देकर दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को भी मामले से अवगत कराने की बात कही है। साथ ही अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए जान-माल का खतरा बताया है।
पुलिस की जांच और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















