मोबाइल टावरों पर चोरों का धावा, कहीं कॉपर पाइप तो कहीं एक्टिव वायर चोरी

मानिकपुर और पाली में वारदात; सीसीटीवी में दिखा संदिग्ध, दोनों मामलों में अज्ञात चोरों पर केस दर्ज

कोरबा। जिले में मोबाइल टावरों से कीमती उपकरण चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय होने की आशंका है। मानिकपुर और पाली थाना क्षेत्र में चोरों ने अलग-अलग मोबाइल टावरों से कॉपर पाइप और एक्टिव वायर काटकर चोरी कर लिए।

दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मानिकपुर थाना क्षेत्र में राम मंदिर के पीछे स्थित जियो के मोबाइल टावर से करीब 20 हजार रुपए की कॉपर पाइप चोरी हुई। कंपनी के यूटिलिटी सुपरवाइजर ओम प्रकाश सोनी को टावर परिसर में संदिग्ध व्यक्ति के घूमने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने तक वह गायब हो चुका था।

सीसीटीवी खंगालने पर एक व्यक्ति टावर परिसर में दिखाई दिया। जांच में एसी के आउटडोर यूनिट में लगी कॉपर पाइप काटे जाने का पता चला। शिकायत के मुताबिक करीब आधा कंप्रेसर पाइप चोरी हुई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया है।

पाली में एक्टिव वायर काटकर चोरी
दूसरी वारदात पाली थाना क्षेत्र के जरमौहा स्थित इंडस टावर में हुई। यहां चोरों ने एक्टिव वायर काटकर कुछ तार चोरी कर लिए। टावर के टेक्नीशियन विवेक कुमार यादव 26 अगस्त को छुट्टी लेकर उत्तरप्रदेश गए थे। अगले दिन टावर की लाइट बंद होने की सूचना मिली। स्थानीय लोगों को जांच के लिए भेजा गया तो एक्टिव वायर कटे मिले। बताया गया कि 3-4 अज्ञात लोग तार काटकर कुछ वायर ले गए और लोगों के पहुंचने से पहले फरार हो गए।

छुट्टी से लौटने के बाद टेक्नीशियन ने 13 सितंबर को पाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से मोबाइल टावरों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।साथ ही चोरी के कॉपर और वायर को खरीदने वाले कबाड़ कारोबारियों की भूमिका की भी जांच की जरूरत सामने आ रही है।