“अधूरे कामों पर सांसद सख्त, शिक्षा-स्वास्थ्य और सड़क के कार्य समय पर पूरे कराने के निर्देश”

दिशा की बैठक में सांसद ने जल जीवन मिशन, पीएम आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी की समीक्षा

कोरबा। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में हुई। सांसद ने अधिकारियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क मरम्मत और जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।

सांसद ने पिछली बैठक के निर्देशों के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा करते हुए वीबीजी रामजी योजना के तहत स्वीकृत कार्यों और सृजित मानव दिवस की जानकारी ली। उन्होंने पंचायतों में जरूरत के अनुसार अधिक से अधिक कार्य स्वीकृत कर निर्धारित लक्ष्य पूरा करने कहा। ग्रामीण क्षेत्रों में मुक्तिधाम, शेड तथा स्कूलों में शौचालय, बाउंड्रीवाल, किचन शेड और स्टोर रूम जैसी आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के निर्देश भी दिए।

हर घर पानी और स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त सुविधा पर जोर
ज्योत्सना महंत ने जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य जल्द पूरा कर हर घर तक पेयजल पहुंचाने को कहा। स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सक और स्टाफ की उपलब्धता, जरूरी उपकरण और दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके।

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सड़कों की स्थिति और आवागमन व्यवस्था की समीक्षा की गई।

आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वच्छता एवं बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने तथा स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों की भी जानकारी ली गई। पीएम आवास योजना में पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने और पीडीएस दुकानों से समय पर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल और रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया ने शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने स्वीकृत विकास कार्यों को समय-सीमा में पूरा कराने के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत बताई।

बैठक में एसपी सिद्धार्थ तिवारी, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, डीएफओ कटघोरा जितेंद्र उपाध्याय, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन सहित विभिन्न नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायतों के अध्यक्ष, विधायक प्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।